-अंतरराष्ट्रीय बाजार दर के अनुसार करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की चरस लेकर पहुंचे थे अजमेर
अजमेर, 12 मई(हि.स.)। नेपाल मूल के दो चरस तस्करों को अजमेर की सिविल लाइन पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 2 किलो चरस बरामद की गई है। यह चरस अंतरराष्ट्रीय बाजार दर के अनुसार करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की होना बताई जाती है। आरोपितों का यहां बस से यात्रा कर पहुंचने की सूचना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के अनुसार पकड़े गए आरोपितों में एक चेम कुमार पुत्र भीमसारु मंगलापुर नेपाल का रहने वाला है और दूसरा अजय राणा पुत्र मेरमान राणा जिला पोखरारोड नेपाल का रहने वाला है।
दोनों आरोपित बस के जरिए यात्रा करते हुए अजमेर पहुंचे हैं, इन्हें यहां सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र में ही पकड़ कर इनसे दो किलो चरस बरामद की गई है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है कि ये कितनी चरस लेकर चले थे और बीच में कहां कहां पर सप्लाई करते हुए यहां पहुंचे हैं। आरोपितों के द्वारा अजमेर और अजमेर के बाहर कहां पर इस चरस की सप्लाई की जानी थी। एएसपी ने बताया कि पुलिस सभी दृष्टिकोण से आरोपितों से पूछताछ कर रही है यह एक बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस को उनके नेटवर्क के जरिए तस्करों के अजमेर पहुंचने की सूचना मिली थी। यहां केंद्रीय बस स्टेण्ड के आस पास ही आरोपितों को पकड़ लिया गया है।
---------------

