हर विधायक विधानसभा का ब्रांड एम्बेसडर : विधान सभा अध्यक्ष
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

लखनऊ,5 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि प्रदेश की विधानसभा अब एक नए स्वरूप में समाज के हर वर्ग तक अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है। यह सकारात्मक परिवर्तन सदन के प्रत्येक सदस्य के प्रयासों का परिणाम है। इसके लिए वे सभी प्रशंसा के पात्र हैं। महाना ने कहा, विधानसभा का प्रत्येक सदस्य इस सदन का ब्रांड एम्बेसडर है। यह विधानसभा हम सबकी है और यहां हर सदस्य मेरे लिए सम्माननीय हैं।बजट सत्र के समापन अवसर पर सदन को संबोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष महाना ने कहा कि हमारी विचारधाराएं भिन्न हो सकती हैं, हमारे मत अलग हो सकते हैं लेकिन हम सभी का उद्देश्य एक ही है-जनसेवा। जनता अब पहले से अधिक जागरूक है। अपने प्रतिनिधियों से यह जानना चाहती है कि उन्होंने उनके लिए क्या कार्य किए हैं।उन्होंने कहा कि पहले विधानसभा की कार्यवाही को लेकर नकारात्मक चर्चाएं अधिक होती थीं। अब परिस्थितियां बदली हैं। प्रत्येक विधायक को यह स्मरण रखना चाहिए कि उनके क्षेत्र की जनता उनकी गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखती है। अब मतदाता यहां तक जानने को उत्सुक रहते हैं कि उनका प्रतिनिधि सदन में कहां बैठा था और किन मुद्दों पर उसने अपनी आवाज बुलंद की। सोशल मीडिया के इस युग में विधानसभा की कार्यवाही जन-जन तक सहजता से पहुंच रही है। इसलिए प्रत्येक विधायक को अपने आचरण एवं भूमिका को उसी गंभीरता से निभाना चाहिए।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन का आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च हो चुका है, जिसमें इसकी स्थापना से लेकर अब तक के सभी महत्वपूर्ण भाषण एवं जानकारियां उपलब्ध हैं। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वे इस ऐप का अवश्य उपयोग करें और अपने क्षेत्र की जनता को विधानसभा का भ्रमण कराकर इसकी कार्यप्रणाली से परिचित कराएं। ताकि विधायिका के प्रति जनमानस का दृष्टिकोण और अधिक सकारात्मक बन सके।उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश विधानसभा को AI से लैस किया जाएगा। इससे प्रत्येक विधायक की संपूर्ण जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी। अपने संबोधन के अंत में सतीश महाना ने संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना सहित समस्त मंत्रिमंडल एवं विपक्षी दलों के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने सभी को आगामी होली एवं रमज़ान की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आएं।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला