प्रदेशभर में पुलिस की सघन नाकाबंदी, 35 हजार से अधिक वाहनों की जांच, 7185 चालान

प्रदेशभर में पुलिस की सख्त नाकाबंदी: 727 पॉइंट्स पर चला मेगा अभियान

जयपुर, 13 मई (हि.स.)। राजस्थान में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। दो दिनों तक चले इस व्यापक अभियान के दौरान हजारों वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान के संबंध में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह ने बताया कि पहले दिन बीकानेर, जोधपुर और जयपुर रेंज में तथा दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में विशेष नाकाबंदी अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत प्रदेशभर में कुल 727 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए, जहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। इस दौरान 16 हजार 676 दुपहिया और 18 हजार 795 चौपहिया वाहनों की जांच की गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1173 दुपहिया चालकों, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 1213 वाहन चालकों तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 75 चालकों के चालान बनाए गए।

अभियान में नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट, अस्पष्ट नम्बर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई। नम्बर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन के 857 तथा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के 739 प्रकरण दर्ज किए गए। अन्य मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघनों में 2856 मामले दर्ज हुए। इस प्रकार कुल 7185 एमवी एक्ट संबंधी कार्रवाई की गई। रेंजवार कार्रवाई में जोधपुर रेंज सबसे आगे रहा, जहां 1633 प्रकरण दर्ज किए गए। उदयपुर रेंज में 1583, जयपुर रेंज में 1094, भरतपुर रेंज में 986, बीकानेर रेंज में 954 और कोटा रेंज में 935 मामलों में कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान के दौरान कई आपराधिक मामलों का भी खुलासा हुआ। पुलिस ने विभिन्न रेंजों में अवैध हथियार, मादक पदार्थ और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज कीं। इस दौरान 106 बीएनएसएस के तहत 8 वाहन जब्त किए गए, जबकि आबकारी अधिनियम के तहत 53 तथा आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 10-10 मामले दर्ज किए गए। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 89 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 170 बीएनएसएस के तहत 161 लोगों को हिरासत में लिया गया।

कोटा रेंज में अवैध धारदार हथियार रखने के छह मामले दर्ज किए गए तथा करीब 200 लीटर देशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 75 टन काली बजरी, चार डम्पर, चार ट्रैक्टर, तीन पिकअप और तीन ट्रेलर जब्त किए गए।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए अपराधियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर