सुपौल में पिपिंग सेरेमनी आयोजित, दो सार्जेंट बने सार्जेंट मेजर
- DSS Admin
- Jul 02, 2026

सुपौल, 02 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुपौल में गुरुवार को पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा सार्जेंट खुशबू कुमारी एवं सार्जेंट शशि कुमार को पदोन्नति के उपरांत उनके कंधों पर एक-एक सितारा लगाकर सार्जेंट मेजर पद पर अलंकृत किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों पदोन्नत अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। ऐसे में अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने पदोन्नत अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस विभाग की गरिमा और विश्वास को कायम रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों अधिकारियों को पदोन्नति पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

