सुलतानपुर : पुलिस मुठभेड़ में पचास हजार के इनामी सहित तीन घायल,चौथा गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
सुलतानपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे पुलिस मुठभेड़ के दौरान पचास हजार के इनामी बदमाश सहित तीन आरोपित घायल हो गए। तीन घायल सहित चार आरोपित गिरफ्तार किये गए है। उनके पास से ग्यारह लाख की नकदी और तीन अवैध असलहा बरामद किया गया है। एक जीप कंपास और कुछ ज्वेलरी भी बरामद हुई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनरायण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात्रि में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित गश्त और चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। इसी दौरान बीती रात में लगभग 3 बजे के आसपास थाना जयसिंहपुर पुलिस के द्वारा पीढ़ी टोल के पास चेकिंग की जा रही थी। सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति जीप कंपास के साथ उनके क्षेत्र में घूम रहे हैं । पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया , परंतु वे बदमाश ज़बरदस्ती वहाँ से निकलकर भागे, पुलिस बल के द्वारा पीछा किया गया। अपने आप को घिरता हुआ देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम के ऊपर फायर किया । पुलिस की जवाबी कार्यवाही मे तीन आरोपित घायल हो गए । उनकी पहचान अनिकेत चौहान पुत्र पिंकू चौहान, निवासी नरेंद्रपुर, थाना सदरपुर, सीतापुर के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के तौर पर उक्त आरोपित के ऊपर लगभग 52 मुकदमे हैं। पचास हजार का इनामी बदमाश भी है। दूसरा आरोपित आकाश पुत्र अवधेश, निवासी बीबीपुर, थाना इमलीया सुल्तानपुर, इसके ऊपर 46 मुकदमे दर्ज होना बताए जा रहे हैं। मिथलेश चौहान पुत्र सुंदर लाल, निवासी मथुआपुर, थाना रेउसा, जनपद सीतापुर, इसके ऊपर कुल 26 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। अजय पुत्र अनंत राम, निवासी बीबीपुर इमलीया, सुलतानपुर, इसके ऊपर कुल 22 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। सभी घायल आरोपित को, जिसमें तीन घायल हैं, इनको इलाज के लिए सीएचसी जयसिंहपुर भेजा गया है, जहाँ पर इनका इलाज किया जा रहा है। इनके पास से कुल 3 अदद देशी तमंचे, 22 राउंड जिंदा कारतूस, लगभग ग्यारह लाख रुपये नकद, एक जीप कंपास और कुछ ज्वेलरी भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में उक्त अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि इनके द्वारा काफी दिनों से आसपास के जनपदों में, पूरे क्षेत्र में लगातार चोरियां संपादित की जा रही हैं। आज भी ये चोरी करने की नियत से ही आए हुए थे, जिसके दौरान ये पकड़े गए हैं। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------

