मेदिनीपुर में मतदान के बाद हुई हिंसा की जांच के लिए पहुंची तृणमूल की टीम

पश्चिम मेदिनीपुर, 18 मई (हि. स.)। जिले के खड़गपुर में कथित मतदान के बाद हुई हिंसा की शिकायतों की जांच के लिए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम सोमवार को पहुंची। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यसभा सांसद डोला सेन ने किया।

प्रतिनिधिमंडल खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या सात स्थित मंदिरतला घाट इलाके में उस पार्टी कार्यालय पहुंचा, जहां स्थानीय चेयरपर्सन कल्याणी घोष सहित तृणमूल कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद थे। इस दौरान टीम ने क्षेत्र के स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत कर घटनाओं की जानकारी जुटाई। साथ ही कथित रूप से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की गई।

पार्टी नेतृत्व का कहना है कि मतदान के बाद विभिन्न इलाकों में हिंसा, तोड़फोड़ तथा कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर हमलों की शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी विस्तृत जांच के लिए यह दौरा किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सभी शिकायतों की रिपोर्ट तैयार कर शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी।

इसी क्रम में राज्यसभा सांसद डोला सेन ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने पाकुड़सेनी इलाके के बूथ संख्या 66 में मृत तृणमूल कार्यकर्ता बीरेन पात्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

जानकारी के अनुसार, बीरेन पात्र 10 मई को अपने घर में फांसी के फंदे से लटके पाए गए थे। वह स्थानीय तृणमूल बूथ अध्यक्ष बादल कुमार पात्र के भाई थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें लंबे समय से मानसिक दबाव और कथित उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का यह भी कहना है कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

डोला सेन ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की। घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर