पूर्व मेदिनीपुर में तृणमूल नेता शेख शमसुल इस्लाम गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
मेदिनीपुर, 05 जून (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिला परिषद के स्वास्थ्य कर्माध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शमसुल इस्लाम को नंदीग्राम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें गुरुवार देर रात दाउदपुर स्थित उनके घर से हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेख शमसुल इस्लाम के खिलाफ बमबाजी से जुड़े एक मामले में जांच चल रही थी। अप्रैल महीने में उनके घर में हुए बम विस्फोट के बाद यह मामला सामने आया था। उस घटना में उनके पुत्र के घायल होने की भी जानकारी मिली थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर की सीढ़ियों के नीचे रखे एक पॉलीथिन पैकेट को हटाने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान कुछ और ताजा बम भी बरामद किए थे। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को शेख शमसुल इस्लाम की कथित संलिप्तता के संकेत मिले। गुरुवार आधी रात को नंदीग्राम थाना पुलिस ने दाउदपुर इलाके में अभियान चलाकर उनके घर को घेर लिया और वहीं से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
नंदीग्राम थाने के प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि बम विस्फोट मामले में तृणमूल नेता को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।
इस बीच, दक्षिण 24 परगना के भांगड़ क्षेत्र के तृणमूल नेता शौकत मोल्ला की तलाश में भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) छापेमारी कर रही है। एजेंसी ने उनके घर और पार्टी कार्यालय में तलाशी ली है। हालांकि अभी तक उनका पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि उनके पुत्र इमरान मोल्ला से पूछताछ की गई है।
---------------

