ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से ट्रेन के साथ घिसटने लगी छात्रा, ट्रेन मैनेजर ने बचाई जान
- DSS Admin
- May 17, 2026

मुरादाबाद, 17 मई (हि.स.)। रेल गाड़ी संख्या 54391 में स्टेशन राजा का सहसपुर पर रविवार को एक अत्यंत संवेदनशील घटना के दौरान मुरादाबाद मंडल के ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह (द्वितीय) ने अपनी अद्वितीय सतर्कता, सूझबूझ एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए एक छात्रा की जान बचाकर एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने के कारण एक छात्रा असंतुलित होकर प्लेटफार्म पर ट्रेन के साथ घिसटने लगी थी। ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह ( द्वितीय) ने प्रेशर लगाकर ट्रेन को रुकवा कर छात्रा की जान बचा ली।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि रविवार को मुरादाबाद जनपद के रेलवे स्टेशन राजा का सहसपुर पर एक छात्रा ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर प्लेटफार्म पर ट्रेन के साथ घिसटने लगी। स्थिति अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील थी तथा कुछ ही क्षणों की देरी एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह (द्वितीय) ने असाधारण सजगता एवं परिस्थितियों का त्वरित आकलन करते हुए बिना समय गंवाए तत्काल प्रेशर लगाकर ट्रेन को रुकवाने की कार्रवाई की। उनकी तत्परता और सूझबूझ के चलते ट्रेन समय रहते रुक गई और छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना के दौरान छात्रा ने भी साहस और धैर्य का परिचय देते हुए ट्रेन के हैंडल को मजबूती से पकड़े रखा, जिसके कारण ट्रेन रुकने तक स्थिति नियंत्रण में बनी रही और उसकी जान सुरक्षित बचाई जा सकी।
इस घटना के पश्चात छात्रा एवं उसके परिजनों द्वारा ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह ( द्वितीय) तथा रेलवे प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता, संवेदनशीलता एवं संरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। यह घटना एक बार पुनः सिद्ध करती है कि ट्रेन मैनेजर केवल ट्रेन संचालन का दायित्व ही नहीं निभाते, बल्कि वे यात्रियों की सुरक्षा के सजग प्रहरी के रूप में भी कार्य करते हैं। उनकी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं त्वरित निर्णय क्षमता प्रतिदिन हजारों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

