रामराज्य की झलक के साथ विंध्य धरा पर दिखेगी रामनवमी की दिव्य छटा

मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। रामनवमी पर विंध्य क्षेत्र को राममय बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद और अन्य धार्मिक संगठनों ने कमर कस ली है। पूरे शहर को भगवामय करने के लिए भव्य शोभायात्रा, सुंदर झांकियों और रामभक्तों के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बनने जा रहा है।

विश्व हिंदू परिषद कार्यालय इमलहानाथ महादेव मंदिर में सोमवार को श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति की बैठक हुई। बैठक में शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। समिति के अध्यक्ष राज महेश्वरी ने बताया कि इस बार की शोभायात्रा पहले से अधिक भव्य होगी और इसमें हजारों की संख्या में राम भक्त शामिल होंगे। रामनवमी के दिन शहर का हर कोना श्रीराम के जयकारों से गूंज उठेगा। रामभक्तों का उत्साह देखते ही बनेगा। पूरा विंध्य क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नजर आएगा और शोभायात्रा के भव्य आयोजन से श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का भाव प्रकट होगा। बैठक में संयोजक रविशंकर साहू, प्रभारी मनोज दमकल, व्यवस्था प्रमुख महेश तिवारी और यात्रा सुरक्षा प्रमुख प्रवीण मौर्य को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री रामचन्द्र शुक्ल, जिलाध्यक्ष माता सहाय, जिला मंत्री कृष्णा सिंह, जिला संयोजक अशोक सिंह उपस्थित रहे। सभी ने रामनवमी के आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग और समर्पण का संकल्प लिया।

भगवा से सजेंगी सड़कें और बाजार

रामनवमी के दिन पूरे विंध्य क्षेत्र को भगवा रंग में रंगने की योजना है। शोभायात्रा के मार्ग को भगवा ध्वजों, तोरण द्वारों और भगवान राम की झांकियों से सजाया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पर भक्तों के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रमुख चौराहों और मंदिरों को फूलों, लाइटों और रामधुन के साथ सजाया जाएगा।

रामभक्तों की उमड़ेगी भीड़

रामनवमी पर भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठेगा। हजारों की संख्या में रामभक्त भगवा ध्वज के साथ जय श्रीराम के नारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा का शुभारंभ इमलहानाथ महादेव मंदिर से किया जाएगा, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम मंदिर पर जाकर समाप्त होगी। शोभायात्रा में भजन मंडलियों, अखाड़ों और सांस्कृतिक झांकियों का विशेष आकर्षण रहेगा।

भगवान श्रीराम का आदर्श जन-जन तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर

विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष विद्याभूषण दूबे ने कहा कि भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श और उनके जीवन मूल्य जन-जन तक पहुंचाने का यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण और उत्साह के साथ शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

   

सम्बंधित खबर