चलती रोडवेज बस का पिछला पहिया निकलकर ओवर ब्रिज के नीचे जा गिरा, यात्रियों में मची चीख-पुकार

कानपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल ओवर ब्रिज पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। 55 यात्रियों को कानपुर से बांदा ले जा रही एक चलती रोडवेज बस के पिछले दोनों पहिए निकल गए। एक पहिया निकलकर करीब तीन सौ मीटर दूर लुढ़कता हुआ ओवर ब्रिज के नीचे सड़क किनारे बनी दुकान की टीन शेड पर जा गिरा। घटना के बाद बस में मौजूद यात्रियों में हड़कम मच गया। गनीमत की बात तो यह रही कि इस घटना में किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

बस चालक आकाश ने बताया कि वह 55 यात्रियों को बांदा लेकर जा रहे थे। तभी महाराजपुर के सरसौल ओवर ब्रिज पर पहुंचते ही बस में तगड़ा झटका लगा और बस सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद ओवर ब्रिज के नीचे बहुत जोर की आवाज हुई। जानकारी हुई कि अचानक बस के दोनों पहिये निकल गए हैं। एक पहिया बस में फंसा रह गया जबकि दूसरा पहिया लुढ़कता हुआ ब्रिज के नीचे जा गिरा सौभाग्य से किसी भी यात्री को चोंट नहीं आई हालांकि पहिया नीचे गिरने से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।महाराजपुर थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घटना के बाद हादसे का शिकार हुई बस को किनारे करवाकर यातायात को बहाल करवा दिया गया है। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतत्व के लिए रवाना करवा दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर