राष्ट्रीय खेल : उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने माडर्न पेंटाथ्लॉन में मचाई धूम, जीते पांच स्वर्ण, खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी बधाई
- Admin Admin
- Feb 08, 2025
![](/Content/PostImages/6fab1650d206390752b63d0c6aeb88b7_877909381.jpg)
देहरादून, 8 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने माडर्न पेंटाथ्लॉन में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए कुल पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। खेलों में उत्तराखंड के लिए यह दिन स्वर्णिम इतिहास के रूप में दर्ज हो गया।
ममता खाती और सक्षम सिंह ने इंडीविजुअल इवेंट में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसके बाद मिक्स्ड रिले टीम इवेंट में भी इन दोनों की जोड़ी ने गोल्ड जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
टीम स्पर्धाओं में भी उत्तराखंड का जलवा रहा। नीरज नेगी, सक्षम सिंह और लाल की तिकड़ी ने लेजर रन टीम इवेंट में प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, ममता खाती, मोनिका और मंजू गोस्वामी की टीम ने भी लेजर रन टीम इवेंट में गोल्ड पर कब्जा जमाया।
सक्षम सिंह और ममता खाती बने स्टार खिलाड़ी
इस प्रतियोगिता में सक्षम सिंह और ममता खाती ने कुल तीन-तीन स्वर्ण पदक जीतकर खुद को राष्ट्रीय खेल इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज करा लिया। उनके शानदार प्रदर्शन ने उत्तराखंड को माडर्न पेंटाथ्लॉन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है।
इसके अलावा, मंजू गोस्वामी और लाल ने इंडीविजुअल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर राज्य की झोली में और भी पदक जोड़े।
खेल मंत्री ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
रेखा आर्या ने कहा, गोल्डन हैट्रिक के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई। आपने देवभूमि का नाम रोशन किया है और पेंटाथ्लॉन में उत्तराखंड को एक बड़ी ताकत के रूप में स्थापित कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा, खास बात यह रही कि सक्षम सिंह और ममता खाती ने तीन तीन गोल्ड जीतने में भूमिका निभाई। इन दोनों ने अपना नाम राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया है। आपको बधाई देने के लिए आज मुझे शब्द कम पड़ रहे हैं। आपके सम्मान में कुछ कहना सूरज को दिया दिखाने के बराबर है। देवभूमि हमेशा आपके जैसी संतति पर गौरवान्वित होती रहेगी। आपने पेंटाथ्लॉन में उत्तराखंड को एक बड़ी ताकत के रूप में स्थापित कर दिया है। इनके अलावा पेंटाथ्लान में आज मंजू गोस्वामी और लाल ने इंडीविजुएल इवेंट में भी ब्रांज मेडल हासिल किया है। आप सभी को बधाई।
बता दें कि उत्तराखंड को अब तक 13 स्वर्ण, 21 रजत व 23 कांस्य पदक प्राप्त हो चुके है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे