दिल्ली से आई नमामि गंगे प्रोजेक्ट की टीम ने मंत्री की मौजूदगी में किया स्थलीय निरीक्षण
- Admin Admin
- Mar 11, 2025

जौनपुर, 11 मार्च (हि.स.)। गोमती नदी के घाटों का कायाकल्प होने जा रहा है। नमामि गंगे प्रोजेक्ट की टीम ने सद्भावना और शास्त्री पुल के बीच स्थित घाटों का निरीक्षण किया। यूपी सरकार के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने घाटों के सौंदर्यीकरण के लिए 48 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा था।
दिल्ली से आई नमामि गंगे प्रोजेक्ट की टीम ने मंत्री की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण किया। टीम कलेक्ट्रेट में कार्यदाई संस्थाओं के साथ बैठक करेगी। इसके बाद प्रोजेक्ट का एस्टीमेट तैयार कर नमामि गंगे मुख्यालय को भेजा जाएगा। जौनपुर सदर से विधायक और राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव की पहल पर यह प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। इससे आदि गंगा कहलाने वाली गोमती नदी के घाटों का सौंदर्यीकरण होगा। इस विकास से क्षेत्र की सूरत बदलने की उम्मीद है।
बता दें कि, पिछले कुछ सालों में घाटों की स्थिति में सुधार हुआ है। सद्भावना पुल से शास्त्री पुल के बीच का क्षेत्र पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस विकास से जौनपुर की पहचान देश के पर्यटन मानचित्र में बनेगी। स्थानीय लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं और योगी सरकार की प्रशंसा कर रहे हैं। सद्भावना पुल और शास्त्री पुल के बीच में एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा और यहां की जनता के लिए घूमने का एक सुंदर और स्वच्छ स्थान मिलेगा। जिस तरह से आदि गंगा गोमती नगर के बीच से बहती है। जिसके कारण इस शहर का एक अलग ही नजर शाम को देखने को मिलता है। जौनपुर ब्लॉक इन घाटों को मुम्बई की जुहू चौपाटी की बराबरी करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव