हैंडल फेल होने से 50 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, तीन गंभीर रूप से घायल

नैनीताल, 19 मार्च (हि.स.)। नैनीताल के दूरस्थ सौड़ क्षेत्र में मंगलवार शाम एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से निकाला और उन्हें चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च केंद्र के लिए संदर्भित कर दिया गया। दुर्घटना का कारण स्टेयरिंग यानी हैंडल फेल होना बताया जा रहा है।

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सौड़ निवासी चालक प्रकाश नारायण सिंह कार में पांच सवारियों के साथ पंगोट क्षेत्र से घर लौट रहे थे। हैंडल फेल होने से चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार पेड़ से टकराने के बाद रुक गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बचे चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्परता दिखाते हुए बचाव अभियान चलाया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया और गांव के परिचितों के वाहन से उन्हें बीडी पांडे अस्पताल भेजा। वाहन में चालक सहित सात लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सालय के आपातकालीन कक्ष में तैनात डॉ. रिजवान ने बताया कि सौड़ निवासी 60 वर्षीय पान सिंह, 65 वर्षीय शिवराज सिंह और 70 वर्षीय देवेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को उच्च केंद्र के लिए संदर्भित कर दिया गया। चालक और दो स्कूली छात्राएं सुरक्षित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

   

सम्बंधित खबर