मुंबई, 23 जून (हि.स.)। म्हाडा के पुणे आवास व क्षेत्र विकास मंडल द्वारा 792 घरों की बिक्री के लिए लॉटरी 25 जून को निकाली जाएगी। इसमें पुणे के ताथवडे फेज-2 आवासीय परियोजना के अंतर्गत निम्न आय वर्ग के 24 और मध्यम आय वर्ग के 768 घरों का समावेश है।
यह लॉटरी पुणे मंडल के अध्यक्ष शिवाजीराव आढलराव पाटील के हाथों पुणे मंडल के आगरकर नगर स्थित कार्यालय के भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में आयोजित होगी। 792 घरों के लिए कुल 1,422 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुणे आवास व क्षेत्र विकास मंडल द्वारा ताथवडे फेज-2 परियोजना में निम्न आय वर्ग के लिए 24 आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक आवास की कीमत 46 से 47 लाख रुपए के बीच है, जिनका निर्मित क्षेत्रफल 75.96 से 77.99 वर्ग मीटर है। इसी परियोजना में मध्यम आय वर्ग के लिए 768 आवास उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 64.50 से 65.50 लाख रुपए के बीच है। निर्मित क्षेत्रफल 89.15 से 91.18 वर्ग मीटर है। इमारत निर्माण का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
इस आवासीय परियोजना में प्रत्येक आवास के साथ निःशुल्क चारपहिया वाहन पार्किंग, स्विमिंग पूल, इनडोर गेम्स एरिया, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, सोलर ऑन-ग्रिड प्रणाली, ईवी चार्जिंग सुविधा, क्लब हाउस, ओपन जिम और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह परियोजना मुंबई-पुणे महामार्ग के निकट स्थित है।
---------------

