इस्तीफे के कुछ घंटों बाद टिटागढ़ के पार्षद इनाम खान गिरफ्तार

कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के टिटागढ़ नगरपालिका के वार्ड संख्या 12 के पार्षद पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटों बाद इनाम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। खड़दह थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात उन्हें टिटागढ़ स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इनाम खान के खिलाफ धमकी देने, कथित तौर पर वसूली करने तथा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप लंबे समय से लगाए जाते रहे हैं। हालांकि सत्तारूढ़ दल से जुड़े होने के कारण स्थानीय लोग खुलकर शिकायत करने से बचते थे। राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद उनके खिलाफ आवाजें तेज हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य में राजनीतिक परिदृश्य बदलने के बाद विभिन्न नगरपालिकाओं में पार्षदों की भूमिका और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई स्थानों पर भ्रष्टाचार, कथित कटमनी और वसूली के आरोपों को लेकर स्थानीय निवासी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में कई जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है।

टिटागढ़ नगरपालिका में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, जब उपाध्यक्ष समेत छह पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 21 सदस्यीय बोर्ड में पहले ही दो पार्षदों का निधन हो चुका है। शुक्रवार को पूर्व नगर प्रमुख प्रशांत चौधरी (वार्ड 16), उपाध्यक्ष मोहम्मद जलील (वार्ड 19), मुजीबर रहमान (वार्ड 18), आशा शर्मा (वार्ड 7), सरस्वती दास (वार्ड 20) तथा इनाम खान (वार्ड 12) ने इस्तीफा सौंप दिया।

इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने दावा किया था कि वे अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं। उनका यह भी आरोप था कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनका कोई संपर्क नहीं रहा। इसी घटनाक्रम के बीच शुक्रवार रात इनाम खान की गिरफ्तारी की खबर सामने आई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर