ममता आवास पर टीएमसी की अहम बैठक, सौगत रॉय बोले- बागियों को किया गया अलग, कार्यकर्ताओं पर अत्याचार की निंदा
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। लोकसभा में बागी तृणमूल कांग्रेस सांसदों के हस्ताक्षर सामने आने के बाद शनिवार रात पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के आवास पर तृणमूल कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शामिल वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को मजबूत करने और हालिया राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद सौगत रॉय ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उन्हें और ज्योतिप्रिय मलिक को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को संगठन से अलग कर दिया गया है। साथ ही संगठन में कई नए नियुक्तियों की घोषणा की गई। अर्नब बनर्जी को युवा अध्यक्ष, अलीफा अहमद को महिला अध्यक्ष, कुणाल घोष को उत्तर कोलकाता का अध्यक्ष तथा मोसरफ हुसैन को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है।
सौगत रॉय ने कहा कि बैठक में राज्यभर में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों, मारपीट, उत्पीड़न और पार्टी कार्यालयों में आगजनी की घटनाओं की कड़ी निंदा की गई। उन्होंने दावा किया कि 4000 ईवीएम जलाए जाने की घटनाओं की भी बैठक में निंदा की गई।
उन्होंने बताया कि बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महुआ मोइत्रा, बिमान बनर्जी सहित कई अन्य नेता भी जुड़े थे। उनके अनुसार यह एक पूर्ण और व्यापक बैठक थी, जिसमें संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
तृणमूल नेताओं पर पड़ रही छापेमारी को लेकर सौगत रॉय ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। रॉय ने कहा कि भाजपा केवल प्रतिशोध की राजनीति करती है और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।-----------

