सम्पूर्णानंद संस्कृत ​विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आठ छात्राओं को मिलेगा स्वर्ण पदक

-सर्वोच्च अंक पाने वाली छात्रा टुम्पा राय को सर्वाधिक सात स्वर्णपदक

वाराणसी,23 सितम्बर (हि.स.)। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का 42वां दीक्षान्त समारोह 26 सितम्बर को परिसर स्थित ऐतिहासिक मुख्य भवन में पूर्वाह्न दस बजे से होगा। इस वर्ष दीक्षांत समारोह में प्रतिभाशाली 31 विद्यार्थियों को कुल 56 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इसमें 08 मेधावी छात्राएं भी शामिल हैं। आचार्य परीक्षा में सर्वोच्च अंक पाने वाली छात्रा टुम्पा राय को सात स्वर्ण पदक मिलेगा। मंगलवार को परिसर स्थित योग साधना केन्द्र में यह जानकारी कुलपति प्रो.बिहारी लाल शर्मा ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि समारोह में कुल 13733 छात्र—छात्राओं को उपाधि एवं प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसमें प्रथमा के 81,पूर्व मध्यमा के 406,उत्तर मध्यमा के 422,शास्त्री के 8305,आचार्य के 4473,विद्या वारिधि के 46 विद्यार्थी शामिल हैं।

कुलप​ति प्रो. शर्मा ने बताया कि कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद् (नैक,ईसी) एवं राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी फोरम, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. अनिल सहस्त्रबुद्धे शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय,सारस्वत अतिथि उत्तर प्रदेश की शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी शामिल होंगी। कुलपति प्रो. शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय का दीक्षान्त समारोह अत्यन्त गरिमामय होता है। दीक्षान्त का पर्यायवाची समावर्तन है, जो 16 संस्कारों में अति महत्वपूर्ण है। ब्रह्मचर्याश्रम से गृहस्थाश्रम में प्रवेश का मार्ग भी दीक्षान्त ही है। उन्हाेंने बताया कि वर्तमान में इस विश्वविद्यालय से सम्बद्ध संस्कृत महाविद्यालय उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों नई दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, लेह एवं अरुणाचल प्रदेश आदि में संचालित है।

-इन मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा स्वर्ण पदक

दीक्षांत समारोह में प्रज्जवल व हर्ष पांडेय को पांच-पांच स्वर्ण पदक,छात्रा सृष्टि दुबे को चार स्वर्ण पदक,मनिंद्रा भगवंत कुलकर्णी और नूतन विष्णु रेग्मी को तीन-तीन स्वर्ण पदक,तारा प्रसाद दुबे,अमित पांडेय,रामचंद्र एवं जैन अभय ओझा काे दो-दो एवं अन्य को एक-एक स्वर्ण पदक दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर