ग्यारह डीएसपी प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस आयुक्त से की शिष्टाचार भेंट
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
वाराणसी, 03 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से 92 वीं बैच के ग्यारह डीएसपी प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें कमिश्नरेट वाराणसी की कार्यप्रणाली, आधुनिक पुलिसिंग, जनसेवा एवं नेतृत्व क्षमता के विविध आयामों से अवगत कराया। अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की चुनौतियों का दृढ़ता, संवेदनशीलता एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ सामना करने का संदेश दिया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून लागू करने का दायित्व नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, सुरक्षा और न्याय स्थापित करने का माध्यम है। संवाद के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन प्रणाली तथा वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था सहित कमिश्नरेट की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। साथ ही श्रावण मास, देव दीपावली एवं महाकुम्भ जैसे विशाल आयोजनों के दौरान प्रभावी भीड़ प्रबंधन, जनसंपर्क एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग के व्यावहारिक अनुभव साझा किए गए।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल जंग बहादुर यादव सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।
---------------

