उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
देहरादून, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा पांच जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर तेज से अति तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर की संभावना बनी हुई है। हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जैसे मैदानी जिलों में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।
विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, जबकि पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटों में लैंसडाउन, मसूरी, चकराता, भटवाड़ी, हर्षिल और खानपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। वर्षा के कारण पर्वतीय इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम संबंधी ताजा बुलेटिन पर लगातार नजर रखने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
----------------

