घर-घर पहुंचें बीएलओ और बीएलए, अनुपस्थित मतदाताओं के लिए तीन बार करें विजिट: सीईओ

देहरादून, 16 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता गणना फार्मों के वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा है कि घर पर अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन के लिए बीएलओ और बीएलए संयुक्त रूप से जाएं और अनिवार्य रूप से तीन बार विजिट करें।

मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी और संजय कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जनपद निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत फार्म वितरण सुनिश्चित करें। जिन जिलों में वितरण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां डिजिटाइजेशन कार्य को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को बूथवार समीक्षा करने और धीमी प्रगति वाले बूथों पर अतिरिक्त कार्मिक तैनात करने के निर्देश भी दिए।

उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जिन क्षेत्रों में फार्म वितरण पूरा हो चुका है और मतदाता अनुपस्थित मिले हैं, वहां डिजिटाइजेशन के बाद ऐसी सूचियां संबंधित बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) के साथ साझा की जाएं। उन्होंने एबसेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट मतदाताओं के मामलों में बीएलओ को गणना फार्म पर फील्ड रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और ईआरओ उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर