जसपुर में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते कनिष्ठ अभियंता गिरफ्तार

ऊधमसिंह नगर, 29 जून (हि.स.)। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सतर्कता अधिष्ठान की ओर से सोमवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि ब्लॉक जसपुर में वाटर कूलर लगाने के कार्य के भुगतान के एवज में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की।

प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

सतर्कता टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सोमवार को कुंडा (काशीपुर) क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूरे प्रकरण की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जा रही है।

सतर्कता निदेशक डॉ.वी.मुरूगेशन ने सफल कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

   

सम्बंधित खबर