औरैया में योग सप्ताह शुरु, शहीद पार्क में योग शिविर आयोजित

औरैया, 17 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का शुभारंभ बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद औरैया एवं तिलक महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शहीद पार्क में योग शिविर से किया गया।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर, योग प्रशिक्षक एवं प्राकृतिक चिकित्सक शशिराज सेठ द्वारा प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराते हुए सभी को नियमित योग करने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा, योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है। यदि हम इसे अपने दैनिक जीवन में शामिल करें, तो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी स्वस्थ रह सकते हैं।

तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने अपने संबोधन में कहा, योग हमें समग्र स्वास्थ्य प्रदान करता है और जीवन में संतुलन बनाए रखने का माध्यम है। समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ना आज की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन एक विचित्र पहल संस्था के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ परवीन, अधिशासी अधिकारी राम आसरे, योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा, सहायक योग प्रशिक्षक उत्कर्ष सिंह, आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. हरी प्रताप, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. राजेश, विजय उपाध्याय, आशीष पाण्डेय सहित नगर पालिका के अधिकारी, सभासद, कर्मचारी, महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया योग शिविर का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता फैलाना एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

---------

   

सम्बंधित खबर