टैंकर से सीएनजी गैस लीक,नेशनल हाइवे पर रोका गया यातायात

फर्रुखाबाद,18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत इटावा बरेली नेशनल हाईवे पर बीती देर शाम रविवार को उस समय अफरा तफरी का माहौल हो गया, जब सीएनजी गैस कंटेनर से गैस लीक होने लगी। हालात बेकाबू देख चालक ट्रक से उतरकर भाग खड़ा हुआ। मामले की जानकारी आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को दी। सूचना पर सीओ सिटी सहित पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान करीब 20 मिनट तक नेशनल हाईवे पर यातायात बंद रहा।

हरदोई के रूपापुर से सीएनजी गैस को लेकर एक कंटेनर एटा जनपद को जा रहा था। फर्रुखाबाद में इटावा बरेली नेशनल हाईवे पर वह कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत मसेनी चौराहे के पास पहुंचा ही था की गैस लीक होने लगी। तेज आवाज में गैस लीक होने से टैंकर के चालक ने चौराहे से कुछ दूर पहले ही टैंकर को रोक दिया। इससे वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया। मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना पर सीओ सिटी अभय वर्मा सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गैस रिसाव के चलते टैंकर से करीब 200 मीटर पीछे यातायात को रोका गया। इस दौरान टैंकर के चालक को पुलिस ने बुलाया तो वह भागने लगा। वहीं मामले की जानकारी पर दमकल की गाड़ी भी पहुंची।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस निकलने की इतनी तेज आवाज थी कि करीब 100 मीटर तक उन्हें सुनाई पड़ रही थी। जब गैस रिसाव बंद हुआ तब जाकर पास वहां के निवासियों ने राहत की सांस ली।

आगरा निवासी टैंकर चालक दयाशंकर ने बताया कि वह रूपापुर से एटा को जा रहा था। उसने बताया कि फिटिंग कटने के कारण पाइप खुल गया और गैस लीक होने लगी।

पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने बताया जैसे ही गैस लीक होने की सूचना मिली वह तत्काल मौके पर पहुंच गए और यातायात को रोका गया। स्थिति सामान्य होने पर टैंकर रूपापुर को वापस चला गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर