गुरदासपुर में भीषण सड़क हादसा:पठानकोट के 4 युवकों की मौके पर ही मौत, अज्ञात वाहन से टकराई ऑल्टो कार
- DSS Admin
- May 19, 2026
पठानकोट-गुरदासपुर नेशनल हाईवे पर नौशहरा मज्झा सिंह के पास मंगलवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पठानकोट की ओर आ रही एक ऑल्टो कार की किसी अज्ञात भारी वाहन के साथ जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार में सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार नंबर PB-35Y-8420 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चारों युवक पठानकोट के रहने वाले थे। जिनमें से एक युवक की पहचान हुई है। बता दें, गुरदासपुर-बटाला रोड पर नौशहरा मज्झा सिंह के नजदीक यह भीषण हादसा हुआ। अज्ञात वाहन टक्कर मार मौके से हुआ फरार मौके पर जांच करने पहुंचे एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, या किस वाहन ने टक्कर मारी ये अभी तक पता नहीं चला है। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार ऑल्टो कार सड़क किनारे खड़े या जा रहे किसी अज्ञात भारी वाहन (जैसे ट्रक या ट्राला) के पीछे से जा टकराई। दुर्घटना के बाद वह भारी वाहन चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। सुबह 4 बजे के करीब हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह भयानक हादसा सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुआ। सुबह के समय अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। टीचर कॉलोनी का रहने वाला है एक युवक जानकारी के मुताबिक ये चारों युवक कार में सवार होकर पठानकोट की तरफ आ रहे थे कि रास्ते में नौशहरा मज्झा सिंह के नजदीक यह भीषण हादसा हो गया। इनमें से एक मृतक की पहचान पठानकोट के भदरोआ स्थित टीचर कॉलोनी निवासी विक्रम उर्फ विक्की के तौर पर हुई है। 31 वर्षीय विक्की पठानकोट के स्लीपवेल मैटरस के शोरूम में काम करता था और दोस्तों के साथ कुछ दिन पहले घूमने गया था। विक्की के 2 बच्चे हैं। हादसे की सूचना पाकर पूरा परिवार गुरदासपुर के लिए रवाना हो गया है। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय गाड़ी विक्की ही चला रहा था। वापसी पर ये हादसा हो गया। हादसे में मारे गए अन्य 3 युवकों का पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

