देवरिया के अवतार नशा मुक्ति केंद्र में मौत के मामले में दो और गिरफ्तार

देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के सदर कोतवाली में बेलडाड़ रोड स्थित अवतार नशा मुक्ति केंद्र में दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपिताें को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने ज्ञान प्रकाश कुशवाहा (38) निवासी सोनूघाट गोपालपुर, थाना कोतवाली तथा धीरेन्द्र गौड़ (29) निवासी महुआरी नवमुंडा, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के अनुसार पहला मामला सुरेश यादव की मौत से जुड़ा है। परिजनों ने बताया कि सुरेश यादव को 16 मई 2026 को अवतार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 21 मई की रात केंद्र से उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में 29 मई को कोतवाली थाने में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।

दूसरा मामला रितेश राव की मौत का है। परिजनों के मुताबिक रितेश को 11 मई 2026 को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 25 मई को केंद्र से सूचना मिलने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में भी बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में नशा मुक्ति केंद्र से जुड़े पंकज कुमार मिश्र को 31 मई को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

--------------------

   

सम्बंधित खबर