गोरखपुर में निवेश का नया और बड़ा गंतव्य बन रहा धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप, दो औद्योगिक घरानों को भूमि आवंटित

गोरखपुर, 12 मई (हि.स.)।

अडानी समूह और श्रेयस डिस्टिलरी की निवेश परियोजनाएं शिलान्यास के लिए तैयार

टाटा पॉवर्स और रिलायंस समूह के फूड पार्क को भूमि आवंटन के लिए जल्द शुरू होगी प्रक्रिया

गोरखपुर, 12 मई (हि.स.)। मास्टर प्लान को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से एन्वॉयरमेंट क्लियरेंस मिलने के बाद जनपद गोरखपुर में धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप निवेश का नया गंतव्य बनने की दिशा में आगे बढ़ने लगा है। अडानी समूह और श्रेयस डिस्टिलरी की दो बड़ी निवेश परियोजनाओं के लिए यहां भूमि आवंटन किया जा चुका है और ये दोनों परियोजनाएं शिलान्यास के लिए तैयार हैं। इसके अलावा इस इंडस्ट्रियल टाउनशिप में टाटा पॉवर्स ने वृहद सोलर प्लांट के लिए और रिलायंस समूह ने फूड पार्क के लिए बड़े निवेश की इच्छा जताई है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) जल्द ही इन दोनों इच्छुक औद्योगिक समूहों के साथ ही अन्य निवेशकों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू करेगा।

धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप को 6876 एकड़ में ‘ग्रेटर गीडा’ के तर्ज पर आकार दिया जा रहा है। यह औद्योगिक क्षेत्र 17 अधिसूचित ग्रामों में विस्तृत है। यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप पूर्वांचल के सबसे बड़े औद्योगिक लैंड बैंक वाली होगी। इसके तहत पहले फेज में गीडा द्वारा 800 एकड़ भूमि को अधिग्रहित कर उसे इंडस्ट्री की डिमांड के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुज मलिक के अनुसार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के औद्योगिक सेक्टर एस-5 में दो बड़े निवेशकों को जमीन आवंटित की है और दोनों ही निवेशक अपनी-अपनी औद्योगिक परियोजना के शिलान्यास की तैयारी में जुटे हैं।

धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में अडानी समूह ने अंबुजा सीमेंट की यूनिट के लिए 46.63 एकड़ जबकि श्रेयश डिस्टिलरी-एनर्जी लिमिटेड ने 60.48 एकड़ भूमि आवंटित कराई है। अडानी समूह की तरफ से अंबुजा सीमेंट की यूनिट लगाने के लिए करीब 1400 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। समूह ने यूनिट के शिलान्यास और भूमि पूजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुविधानुसार समय देने का अनुरोध किया है। उम्मीद जताई जा रही है अडानी समूह को यूनिट के शिलान्यास के लिए इस माह के अंत तक मुख्यमंत्री का समय मिल सकता है। उधर श्रेयस डिस्टिलरी भी डिस्टिलरी और सोलर प्लांट का भूमि पूजन कराने के लिए मुख्यमंत्री को बुलाने की तैयारी कर रहा है। श्रेयस डिस्टिलरी का लक्ष्य धुरियापार में कुल 170 एकड़ जमीन आवंटित कराकर आठ हजार करोड़ रुपये के डिस्टिलरी और सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट को क्रियान्वित करने का है।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुज मलिक ने बताया कि निवेशकों के रुझान से धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप में गोरखपुर का नया इंडस्ट्रियल गेटवे बनने का सामर्थ्य है। अडानी समूह और श्रेयस डिस्टिलरी जल्द ही यहां अपने इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने जा रहे हैं। इस टाउनशिप के लिए बेहतरीन रोड और रेल कनेक्टिविटी को देखते हुए रिलायंस समूह ने फूड पार्क बनाने तथा टाटा पॉवर्स ने बड़ा सोलर प्लांट लगाने को वृहद आकार के औद्योगिक भूखंडों की मांग की है। सीईओ गीडा के मुताबिक धुरियापार में शीघ्र ही नए औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर