मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार में मंगलवार दोपहर एक अधेड़ ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार जमालपुर बाजार निवासी 42 वर्षीय विनोद कुमार का शव घर के कमरे में सिलिंग फैन से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। बताया गया कि मृतक वाराणसी में मजदूरी करता था, जबकि उसकी पत्नी रेनू देवी दिल्ली में रहकर नौकरी करती है। घटना के समय वह दिल्ली में ही थी।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलने पर पत्नी और बच्चे दिल्ली से घर के लिए रवाना हो गए।
थानाध्यक्ष जमालपुर अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

