ध्वनि एवं ध्यान कार्यशाला का शुभारंभ, संगीत की सुरलहरियों से गूंजा परिसर

मीरजापुर, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर में पंडित छन्नूलाल मिश्र संगीत न्यास के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय ध्वनि एवं ध्यान कार्यशाला का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 21 से 31 मई तक चलने वाली इस कार्यशाला में संगीत, ध्यान और संस्कार आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मां विंध्यवासिनी स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजीव कुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के संगीत एवं ललित कला संकाय के प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्रनाथ सोरेन उपस्थित रहे। कार्यशाला की प्रशिक्षिका प्रोफेसर नम्रता मिश्रा हैं, जो पद्म विभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र की सुपुत्री एवं शिष्या हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में गायन और वादन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रोफेसर नम्रता मिश्रा ने “सीताराम सीताराम” भजन प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। हारमोनियम पर सर्वेश कुमार और तबले पर पंडित कौस्तुभ पाठक ने संगत की। मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजीव कुमार सिंह ने भी भजन प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। अंत में प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने सभी अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर