वाटर पार्क घूमने जा रहे युवकों की बाइक को हाइवा ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत

मीरजापुर, 21 जून (हि.स.)। अहरौरा-जमुई मार्ग पर रविवार दोपहर महुली गांव के सामने तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे करीब सात-आठ फीट गहरी खाई में जा गिरा। चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार वाराणसी के लोहता क्षेत्र निवासी साहिल भारती (25) पुत्र संतोष भारती अपने मित्र सागर भारती (24) पुत्र मुन्ना भारती निवासी गंगापुर, राजातालाब के साथ अहरौरा स्थित वाटर पार्क घूमने जा रहे थे। इसी दौरान अहरौरा-जमुई रोड पर महुली गांव के सामने बहेरा बाबा के पास विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान सागर भारती की मौत हो गई, जबकि साहिल का इलाज चल रहा है।

अहरौरा नगर चौकी प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि खाली हाइवा ट्रक गिट्टी लोड करने सोनपुर पहाड़ी की ओर जा रहा था। दुर्घटना के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

मृतक के मामा संतोष भारती की तहरीर पर पुलिस ने रविवार शाम मुकदमा दर्ज कर लिया। परिजन के अनुसार सागर अपने दोस्तों के साथ वाटर पार्क घूमने निकला था। वह पांच भाइयों में एक था और जनरल स्टोर पर काम करता था। घटना से परिजन में कोहराम मचा हुआ है।

---------------

   

सम्बंधित खबर