मेरे पति अजय राय को साजिश के तहत बदनाम करने की सुनियोजित साजिश : रीना राय
- DSS Admin
- May 24, 2026
—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की पत्नी ने पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने के आरोप को सिरे से खारिज किया,बोली— एआई जनरेटेड वीडियो के माध्यम से छवि धूमिल करने का प्रयास
वाराणसी, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी रीना राय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों वाले वीडियो को एआई निर्मित बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को साजिश के तहत बदनाम करने की सुनियोजित साजिश रच रही है। रीना राय रविवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के मैदागिन स्थित कार्यालय राजीव भवन में मीडिया कर्मियों से रूबरू थी।
रीना राय ने अपने पति अजय राय पर प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने के आरोप को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि जहां तक इस संबंध में प्रसारित वीडियो की बात है तो वह एआई निर्मित है। मैं उसकी जांच की मांग करती हूं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव है। इसके मद्देनजर भाजपा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की लोकप्रियता से घबरा गई है। वह उन्हें पूर्व की भांति फर्जी मुकदमा दर्ज करवा रही है। उन्होंने कहा कि हम मुकदमे से नहीं डरने वाले हैं। मेरे पति राजनीतिक हैं। प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। जब प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बीमार थे तो प्रधानमंत्री मोदी ने उनका हालचाल लिया। यही स्वस्थ राजनीति है। हमारे पति ओछी मानसिकता की राजनीति नहीं करते। उनसे प्रधानमंत्री का वैचारिक मतभेद हो सकता है। वे ऐसी हरकत पर कभी विश्वास नहीं करते।
पत्रकार वार्ता में मौजूद महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आह्वान पर सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर महोबा की दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए जुलूस निकाल कर ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोबा की दलित छात्रा को न्याय दिलाने की आवाज काे सरकार दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार द्वारा अजय राय के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। अजय राय महोबा की बेटी को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष कर रहे हैं और अंतिम न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

