योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है : गिरीश चंद्र यादव

निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव योग प्रशिक्षक रजनी साहू

जौनपुर, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सोमवार को शहर के उर्दू बाजार स्थित रामलीला मैदान में ऋषि योगा संस्थान द्वारा छह दिवसीय निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्रत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान की ओर से राज्य मंत्री का बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों ने मंत्री के समक्ष विभिन्न योगासन प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं फिट रहता है, मन और मस्तिष्क मजबूत होता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में वैश्विक मान्यता मिली, जो देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा योग दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान की डायरेक्टर एवं योग प्रशिक्षिका रजनी साहू ने राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही भाजपा जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य, मीरा वेलफेयर सोसायटी के सचिव रामजी साहू, योग फेडरेशन के कोषाध्यक्ष रचित साहू तथा जगदीश गुप्ता गाढ़ा को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से संदीप गुप्ता, अजय गुप्ता, अतुल सिंह, सहकार भारती के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष मनीष देव, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, मोहन गुप्ता, प्रीति गुप्ता, डॉली गुप्ता, रश्मि गुप्ता, दीपक गुप्ता, नीतू गुप्ता, प्रियांशी, शुभम, कृष्णा, दिनेश, रतनेश, ऋषि, आरती, रजनी सिंह, नीलम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर