परमट प्राथमिक विद्यालय मामले का तीन दिन में समाधान न हुआ तो कानपुर आएंगे माता प्रसाद पांडेय
- DSS Admin
- May 21, 2026
कानपुर, 21 मई (हि.स.)। कानपुर जिले के परमट क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय के विवाद का प्रकरण सामने आया है। इसका न्यायपूर्ण समाधान तीन दिनों में नहीं निकला तो समाजवादी पार्टी (सपा)विधायकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ कानपुर आएंगे। लोकतांत्रिक अधिकारों और गरीब बच्चों की शिक्षा से जुड़े इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा। यह बातें गुरुवार को वरिष्ठ सपा नेता एवं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने पार्टी विधायक अमिताभ बाजपेयी से मुलाकात कर कहीं।
दरअसल विधायक अमिताभ बाजपेयी ने गुरुवार को लखनऊ स्थित विधानभवन में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कानपुर के परमट प्राथमिक विद्यालय प्रकरण से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी नेता प्रतिपक्ष श्री पांडेय को दी। इस दौरान विधायक ने बताया कि विधायक निधि से स्वीकृत विद्यालय निर्माण कार्य में प्रशासनिक स्तर पर बाधाएं उत्पन्न की गईं और जनप्रतिनिधि के संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास हुआ।
विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नेता प्रतिपक्ष को पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज, पत्राचार, प्रशासनिक आदेश और लिखित जानकारी भी सौंपी। नेता प्रतिपक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित विधायक के अधिकारों का इस प्रकार अतिक्रमण बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन दबाव में कार्य करता दिखाई दे रहा है और एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराएंगे और दूरभाष पर भी वार्ता करेंगे। उन्होंने विधायक अमिताभ बाजपेयी के संघर्ष और गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।--------------

