एसआईआर अभियान को लेकर आवासीय सोसायटियों और मोहल्लों में लगेंगे विशेष कैंप

देहरादून, 21 मई (हि.स.)। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूरे इलाके के आवासीय सोसाइटियों और मोहल्लों में विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में एसआईआर अभियान की प्रगति, प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में बूथ लेवल एजेंट (बीएलओ) की नियुक्ति पूरी नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक कर जल्द नियुक्ति सुनिश्चित करें। साथ ही बीएलए को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि बड़ी आवासीय सोसाइटियों और मोहल्लों में विशेष कैंप लगाए जाएं। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर रोस्टर तैयार करने को कहा गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर सर्वे के दौरान निर्वाचन आयोग का आईडी कार्ड पहनकर ही क्षेत्र में जाएं।

बैठक में प्रशिक्षण माॅड्यूल का भी विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के गणना प्रपत्र के प्रिंटिंग, लाॅजिस्टिक एवं डिस्टिव्यूशन प्लान का भी फीडबैक लिया। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल रुप से जुड़े रहे।

   

सम्बंधित खबर