पौड़ी गढ़वाल, 10 जून (हि.स.)। कोट ब्लाक के बाडी गांव में गुलदार के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद वन विभाग की गश्त जारी है। बुधवार को वन विभाग की यहां गश्त जारी रही। वहीं, घटनास्थल पर ढेर हुए गुलदार का पीएम करवाया गया।
बीते मंगलवार को गुलदार ने बाडी गांव में 59 साल की बुजुर्ग महिला को निवाला बना दिया था। जिस पर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने मौके पर जाए अफसरों का घेराव कर आक्रोश जताया था। कई घंटे बीतने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला का शव प्रशासन को उठाने दिया था। वहीं, घटना का जायजा लेने पहुंचे शूटरों ने गुलदार को सेल्फ डिफेंस में मौके पर ही शूट कर दिया था।
गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि बाड़ी क्षेत्र में गुलदार द्वारा एक महिला को मारने के बाद लोगों की सुरक्षा को देखते हुए हमलावर गुलदार को मार गिराया गया। बताया कि गुलदार का पोस्टमार्टम पशु चिकित्साधिकारियों द्वारा किया गया। पशु चिकित्साधिकारियों ने पोस्टमार्टम के दौरान बताया कि मृत गुलदार नर है जिसकी उम्र करीब सात वर्ष है।
एसडीओ ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में वन विभाग की 10 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जिसमें विभागीय शूटर भी शामिल है। इसके अलावा प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बताया कि क्षेत्र में कैमरा ट्रैप एवं पिंजरे भी लगाए गए हैं।

