नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। द्वारका जिले के उत्तम नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार ऑडी कार ने पहले एक बाइक और फिर एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशाल पाल सिंह के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:02 बजे पीसीआर पर सूचना मिली कि मछली मार्केट, विकासपुरी के पास ऑडी कार (डीएल4पीबीसी6015) ने बाइक को टक्कर मार दी है और बाइक सवार घायल है। सूचना मिलते ही उत्तम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पुलिस को एक ऑडी कार, एक होंडा एलिवेट कार और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। घायल बाइक सवार की पहचान 31 वर्षीय राहुल के रूप में हुई, जिसे पहले ही माता रूप रानी मैगो अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बयान देने के लिए फिलहाल अयोग्य घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी पवन कुमार शर्मा का बयान दर्ज किया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, ऑडी चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। उसने पहले बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद सामने खड़ी होंडा एलिवेट कार से जा टकराया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ उत्तम नगर थाने में एफआईआर संख्या 280/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और आरोपी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
--------------------

