भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही खान के बयान पर शिया महिलाएं नाराज, प्रदर्शन

आरोप— नाजिया ने मोहर्रम व पैगंबर साहब पर गलत शब्द का किया प्रयोग

वाराणसी, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शुक्रवार को शिया समुदाय की महिलाओं और युवतियों ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही खान के कथित विवादित बयानों के विरोध में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने अपने घरों में हाथों में तख्तियां लेकर नाजिया इलाही खान के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश सरकार से उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और बच्चियों ने मोहर्रम तथा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के संबंध में कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर नाराजगी व्यक्त की। कुछ बच्चियों ने मातमी अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए नारे भी लगाए।

प्रदर्शन में शामिल तनवीर फातिमा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन के मद्देनजर शिया समुदाय की महिलाओं ने अपने घरों से शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाजिया इलाही खान मोहर्रम के जुलूसों को लेकर ऐसा माहौल बना रही हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि मोहर्रम शिया मुसलमानों के लिए गम-ए-शहादत और श्रद्धा का अवसर है तथा इसे पूरी अकीदत के साथ मनाया जाता है। तनवीर फातिमा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता नाजिया इलाही खान ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मोहर्रम के जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि सार्वजनिक आयोजनों में तलवार, चेन या अन्य हथियारों का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए और कानून के अनुसार ऐसे प्रदर्शनों पर रोक लगाई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने मोहर्रम के नाम पर होने वाली किसी भी कथित आपराधिक गतिविधि के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई थी। नाजिया इलाही खान इससे पहले सड़कों पर नमाज को लेकर चल रही बहस पर भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नाजिया इलाही खान इस्लाम में प्रचलित कुछ सामाजिक एवं धार्मिक प्रथाओं पर अपनी मुखर राय रखने के लिए जानी जाती हैं।

हालांकि, शिया समुदाय की ओर से लगाए गए आरोपों पर नाजिया इलाही खान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

   

सम्बंधित खबर