गिरफ्तारी से बचने काे कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचे अभिषेक के करीबी सुमित राय, दी अग्रिम जमानत की अर्जी

कोलकाता, 15 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। सोमवार को उनके वकील ने न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने की अनुमति मांगी और मामले की तत्काल सुनवाई की भी अपील की। अदालत ने याचिका दायर करने की अनुमति दे दी है।

सुमित राय का नाम इन दिनों पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले की जांच में सामने आया है। पुलिस का दावा है कि उनके खिलाफ कथित वसूली, भूमि घोटाला, वित्तीय धोखाधड़ी तथा धन के बदले चुनावी टिकट दिलाने जैसे आरोपों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि, शनिवार तड़के शालबनी थाना पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। पुलिस के अनुसार, सुमित राय की तलाश में यह कार्रवाई की गई थी। जांचकर्ताओं को सुमित के मोबाइल फोन का अंतिम लोकेशन कालीघाट क्षेत्र में मिला था, जिसके आधार पर पुलिस वहां पहुंची थी।

हालांकि, कई घंटे तक चली तलाशी के बावजूद सुमित राय का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश और तेज कर दी। इसी बीच सुमित राय का अग्रिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय पहुंचना राजनीतिक और कानूनी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

सूत्रों के मुताबिक, एक ओर पुलिस सुमित राय तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश दे रही है, वहीं दूसरी ओर वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी विकल्पों का सहारा ले रहे हैं। हाल ही में उनके खिलाफ मेदिनीपुर की अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया जा चुका है।---------------

   

सम्बंधित खबर