पश्चिम बंगाल में पंचायत स्तर पर रिक्त पड़े 6,136 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू

कोलकाता, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंचायत स्तर पर लंबे समय से रिक्त पड़े हजाराें पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर कुल 6,136 पदों पर भर्ती की जाएगी।

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में वर्तमान में कुल 12,828 पद रिक्त हैं। इनमें से ग्राम पंचायतों में 11,548 पद रिक्त हैं, जबकि पंचायत समितियों में 630 और जिला परिषदों में 650 पद खाली हैं। इन रिक्तियों को देखते हुए सरकार ने विभिन्न स्तरों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने गुरुवार को कोलकाता के साल्ट लेक स्थित विभागीय प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने ग्राम पंचायत स्तर पर 5,509 पदों, पंचायत समितियों में 564 पदों और जिला परिषदों में 463 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है।

दिलीप घोष ने कहा कि यह भर्ती अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना आवश्यक हो गया है, क्योंकि कई केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के कार्यान्वयन में पहले बाधाएं देखी गई थीं।

अधिकारियों के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी और पात्रता मानदंड, परीक्षा तथा नियुक्ति से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।--------------------

   

सम्बंधित खबर