लखीमपुर खीरी में अनुदेशकों के खातों में राज्यमंत्री ने अंतरित किया बढ़ा मानदेय
- DSS Admin
- May 17, 2026

– 'शिक्षामित्र सम्मान एवं मानदेय वितरण' कार्यक्रम, अब मिलेगा 17 हजार रुपये प्रतिमाह
– राज्यमंत्री बोले: विपरीत परिस्थितियों में बेसिक शिक्षा को मजबूत करने वाले अनुदेशक हैं शिक्षा के प्रहरी
लखीमपुर खीरी, 17 मई (हि.स.)। शहर के रॉयल पैराडाइज में रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित “शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण” कार्यक्रम में अनुदेशकों को बड़ी सौगात मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता एवं कारागार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार की उपस्थिति में जिले के सभी 826 अनुदेशकों के बैंक खातों में बढ़ा हुआ मानदेय सीधे डिजिटल माध्यम से अंतरित किया। अब अनुदेशकों को प्रतिमाह 17 हजार रुपये मानदेय मिलेगा, जिससे उनके परिवारों को बड़ा आर्थिक संबल प्राप्त होगा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने अनुदेशकों को शिक्षा का प्रहरी बताते हुए कहा कि सरकार ने मानदेय बढ़ाकर उनके योगदान को नई पहचान दी है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्य और संस्कार भी दें, ताकि एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण हो सके। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुदेशकों—रुचि वर्मा, शैलप्रिया, मंजू मिश्रा, कामता प्रसाद, परमजीत सिंह सहित कई अन्य को प्रमाण पत्र व शॉल भेंट कर सम्मानित किया और शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय के चेक सौंपे।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अनुदेशकों को इस ऐतिहासिक निर्णय पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार होगा। कार्यक्रम का सफल संयोजन बीएसए प्रवीण तिवारी ने किया तथा छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस दौरान मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग भी देखी गई।
---------------

