वाराणसी : गंगा में डूब रहे पति-पत्नी को जल पुलिस के जवानों ने बचाया

वाराणसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीघाट पर रविवार को गंगा में नहाते समय डूब रहे पति-पत्नी के लिए जल पुलिस के जवान देवदूत बन गए। जवानों ने अपनी जान खतरे में डाल दम्पति को गंगा के गहरे पानी से सकुशल बाहर निकाल ​लिया। जान बचाने पर पति-पत्नी ने जवानों का आभार जताया। वहीं, सोशल मीडिया में भी जवानों की बहादुरी की जमकर सराहना हो रही है।

लखनऊ निवासी मोहित तिवारी अपनी पत्नी नेहा तिवारी के साथ नगर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के लिए आए थे। दर्शन पूजन के पहले दोनों अस्सीघाट पर पहुंचे। घाट पर टहलते-टहलते दोनों तुलसीघाट पर पहुंचे और गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान कीचड़ और गहराई का अंदाजा न लगा पाने पर दोनों फिसल कर गहरे पानी में चले गए। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। घाट से गुजर रहे जलपु लिस के जवान राम जी और मनोज साहू ने शोर सुना तो दोनों ने गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद पति-पत्नी को गहरे पानी से बचा लिया। जान बच जाने पर नेहा देर तक रोती रही। थोड़ा सामान्य होने पर उसने जवानों का आभार जताया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि घाट पर सिल्ट जमा होने के कारण श्रद्धालुओं को गंगा में नहाते समय गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता। इसके चलते इस घाट पर आए दिन लोग डूब कर अपनी जान गंवा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर