अमृतसर के अनगढ़ में घर में हुआ ब्लास्ट:भीषण-आग की चपेट में आने से दो महिलाएं-गंभीर रूप से झुलसीं, जांच में जुटी पुलिस

अमृतसर के अनगढ़ इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। एक घर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि घर की छत में दरारें पड़ गईं और बाहर लगे शीशे भी टूट गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दो फायर टेंडरों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारण घर में मौजूद दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को तुरंत अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक उन्हें आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा घर में अवैध पटाखे बनाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को घर के बाहर से पटाखों के अवशेष भी मिले हैं। फॉरेंसिक जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की सच्चाई जानने के लिए फॉरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अवैध पटाखे बनाने की पुष्टि होती है, तो घर मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटे हुए हैं।

   

सम्बंधित खबर