बठिंडा में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का गला-सड़ा शव:सात सप्ताह पुराना होने की आशंका, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

बठिंडा के गांव कोटफत्ता में एक ड्रेन के समीप पेड़ से लटका हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का बुरी तरह से गला-सड़ा शव मिला है। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के अध्यक्ष सोनू माहेश्वरी ने बताया कि गांव कोटफत्ता में ड्रेन के पास पटरी के समीप झाड़ियों से भयंकर दुर्गंध आ रही थी। पास के खेत में काम कर रहे किसानों को पहले लगा कि शायद कोई जानवर मरा हुआ है। जब उन्होंने दुर्गंध का स्रोत ढूंढा, तो पाया कि एक पेड़ से फंदा लगा व्यक्ति का शव झूल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस वेलफेयर सोसाइटी और पुलिस घटना की सूचना मिलते ही नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के राजविंदर सिंह और थाना कोटफत्ता के प्रभारी अमरीक सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव लगभग 7 सप्ताह से अधिक पुराना प्रतीत हो रहा था और बुरी तरह से सड़-गल चुका था। संस्था के सदस्यों ने पेड़ पर चढ़कर शव को नीचे उतारा। मृतक की आयु लगभग 35 वर्ष अनुमानित की गई है। उसने सफेद रंग की पूरी बाजू वाली शर्ट, काली पैंट, ब्राउन बेल्ट और चप्पलें पहनी हुई थीं। पुलिस की प्राथमिक कार्यवाही के बाद, संस्था सदस्यों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। थाना कोटफत्ता के पुलिस अधिकारी अमरीक सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शव को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल के मोर्चरी घर में रखा गया है ताकि उसकी पहचान हो सके। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर