फाजिल्का में युवक की मौत पर बवाल:ग्रामीणों ने शव रख हाईवे जाम कर लगाया धरना, बोले- लंबे समय से खुलेआम नशा बिक रहा
- DSS Admin
- May 13, 2026
फाजिल्का जिले के गांव झोंक डिपुलाना में एक 16 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिवार और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में नशा बेचने वाले युवकों ने जबरन उसे नशा करवाया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने फाजिल्का-फिरोजपुर फ्लाईओवर पर शव रखकर हाईवे जाम कर धरना प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। मृतक की पहचान परमजीत सिंह उर्फ बोबी के रूप में हुई है। गांव निवासी सुखविंदर सिंह ने बताया कि रात के समय कुछ युवक उसके चचेरे भाई परमजीत को जबरदस्ती अपने साथ ले गए और उसे नशा करने के लिए मजबूर किया। अगली सुबह उसका शव खेतों में मिला। परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। ग्रामीण बोले- अवैध निर्माणों पर भी बुलडोजर चलाया जाए ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से खुलेआम नशा बिक रहा है। सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों में नशे के कारण गांव के पांच युवकों की मौत हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनके अवैध निर्माणों पर भी बुलडोजर चलाया जाए। धरने में शामिल मलकीत सिंह ने कहा कि गांव में “चीनी की तरह चिट्टा” बिक रहा है और प्रशासन इसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि लगातार युवाओं की मौत के बावजूद पुलिस और प्रशासन गंभीर नहीं है। मौके पर पहुंचे डीएसपी सतिंदर कुमार ने कहा कि मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम करवाकर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

