जालंधर में लापता सिलाई कारीगर का मिला शव:मां ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप, बोली-पहले भी 2-3 बार कर चुका है मारपीट

जालंधर महानगर के थाना 5 के अंतर्गत आने वाले चौहान कॉलोनी क्षेत्र में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो कल शाम से लापता था और आज सुबह उसका शव बरामद हुआ। मृतक की मां ने सोनू के ही एक दोस्त पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 28 वर्षीय सोनू शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। वह पेशे से सिलाई का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, सोनू रोज की तरह काम पर गया था और आमतौर पर शाम 5:30 बजे तक घर लौट आता था। लेकिन बीते कल जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिवार वाले उसकी तलाश में जुट गए और काफी परेशान थे। गली नंबर 5 में मिला शव, हालत देख उड़े होश आज सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने परिजनों को फोन कर चौहान कॉलोनी की गली नंबर 5 में बुलाया। जब सोनू की मां मौके पर पहुंचीं, तो वहां बेटे का शव देखकर उनके होश उड़ गए। मां का रो-रोकर बुरा हाल था और उनका कहना था कि शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे पहचानना भी मुश्किल हो रहा था। दोस्त 'बिट्टे' पर हत्या का आरोप और पुरानी रंजिश मृतक की मां ने तेजमोहन नगर की गली नंबर 6 के रहने वाले 'बिट्टे' नाम के युवक पर सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताई है। मां का दावा है कि आज सुबह आरोपी बिट्टे ही उनके बेटे के शव को लेकर गली नंबर 5 में पहुंचा था। मां ने बताया कि बिट्टे पहले भी सोनू के साथ 2 से 3 बार बुरी तरह मारपीट कर चुका था। फोन छीनने की भी वारदात आरोपी ने पहले भी कई बार सोनू का मोबाइल फोन जबरन छीना था। पीड़ित मां ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना 5 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की मां के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दर्ज बयानों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले सबूतों के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

   

सम्बंधित खबर