जालंधर हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला:पठानकोट चौक के पास हादसा, धुआं देख 3 सवार बाहर निकले, धूंधूं कर जली
- Neha Gupta
- Jun 27, 2026
जालंधर महानगर के जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर पठानकोट चौक के पास शनिवार को एक चलती कार में अचानक भयानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और गाड़ी रोक दी, जिससे कार में सवार तीन लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। तेज गर्म हवाओं के कारण देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की लपटों से घिर गई और धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। लुधियाना से जालंधर की तरफ आ रही थी कार प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार तीनों लोग लुधियाना की तरफ से जालंधर की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार पठानकोट चौक के नजदीक पहुंची, चालक को गाड़ी में किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का अहसास हुआ। चालक ने बिना समय गंवाए तुरंत जोरदार ब्रेक लगाई और गाड़ी को हाईवे किनारे रोका। कार रुकते ही उसमें सवार तीनों लोग आनन-फानन में नीचे उतर गए, जिसके कुछ ही सेकंड बाद कार से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। दुकानदारों ने पाइप से पानी डालकर बुझाई आग हादसे को देख पठानकोट चौक मार्केट के स्थानीय दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए। दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों से पानी के पाइप जोड़े और कार पर पानी डालना शुरू किया। गर्म हवाओं और लपटों के बीच स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कड़ी मशक्कत की और दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, जो कि एक बड़ी राहत की बात है। हालांकि, आग इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा और इंजन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

