अंतरराष्ट्रीय शक्तिसैट मिशन के लिए अमृतसर की छात्रा का चयन:चंद्रमा की कक्षा में भेजना है सैटेलाइट; वैश्विक अभियान में करेंगी पंजाब का प्रतिनिधित्व
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
अमृतसर के सरकारी स्कूल ऑफ एमिनेंस, मॉल रोड की छात्रा टिया की असाधारण उपलब्धि ने पूरे पंजाब का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।12वीं कक्षा की मेडिकल स्ट्रीम की छात्रा टिया का चयन अंतरराष्ट्रीय "शक्तिसैट" सैटेलाइट मिशन के लिए हुआ है। इस प्रतिष्ठित अभियान में दुनिया के 108 देशों से छात्रों को चुना गया, और पंजाब के भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर टिया को मिला है। इस सफलता के पीछे टिया की लगातार मेहनत, अनुशासन और सीखने का जुनून है। उन्होंने करीब 10 महीने तक इस मिशन की तैयारी की। प्रिंसिपल मंदीप कौर के नेतृत्व और रसायन विज्ञान के प्रवक्ता कमल कुमार के मार्गदर्शन ने भी इस सफर को नई दिशा दी। शिक्षकों के सहयोग और टिया के समर्पण ने इस सपने को हकीकत में बदल दिया। अंतरराष्ट्रीय ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेंगी टिया अब अगस्त महीने में दिल्ली के पास आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ट्रेनिंग कैंप में टिया हिस्सा लेंगी। इस विशेष प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सैटेलाइट की डिजाइनिंग, असेंबली और टेस्टिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की बारीकियां सिखाई जाएंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद दुनिया भर के चयनित छात्रों द्वारा तैयार किए गए सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा में भेजने की योजना है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक और वैज्ञानिक उपलब्धि होगी।

