गुरदासपुर में फेसबुक पर लाइव आकर फौजी ने की खुदकुशी:शादी के दो माह बाद प्रेमी संग पत्नी फरार, ससुराल वालों पर भी गंभीर आरोप
- DSS Admin
- May 23, 2026
पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर एक भारतीय सेना के जवान ने फेसबुक लाइव के दौरान जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बटला के गांव छित निवासी कंवलजीत सिंह (30) के रूप में हुई है। कंवलजीत करीब 3 साल पहले सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में 17 सिख रेजिमेंट, जयपुर में तैनात था। हाल ही में उसे अस्थायी नियुक्ति पर जबलपुर भेजा गया था। शुक्रवार को ट्रेन से सफर के दौरान उसने फेसबुक लाइव पर आकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए और जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। शादी के दो महीने बाद प्रेमी संग फरार हुई पत्नी मृतक की मां सुरजीत कौर ने रोते हुए बताया कि उनके इकलौते बेटे कंवलजीत सिंह की शादी इसी साल फरवरी 2026 में सरबजीत कौर नाम की युवती से हुई थी। लेकिन शादी के महज दो महीने बाद ही सरबजीत कौर रात के करीब तीन बजे अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। कंवलजीत ने इस मामले की शिकायत थाना सदर पुलिस में भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार सुबह को युनिट से आया फोन सुरजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार सुबह कंवलजीत की यूनिट से आए एक फोन ने परिवार को झकझोर कर रख दिया, जिसमें बताया गया कि कंवलजीत ने फेसबुक लाइव आकर अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए खुदकुशी कर ली है। बेबस मां ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ससुर को पहले ही दी थी जानकारी, नहीं हुई सुनवाई मृतक की बहन संदीप कौर ने भी अपनी भाभी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संदीप के अनुसार, उसका भाई अपनी पत्नी और ससुर की हरकतों से बेहद परेशान था। कंवलजीत ने कई बार अपने ससुर को फोन कर यह बताया था कि सरबजीत के किसी अन्य व्यक्ति के साथ गलत संबंध हैं, लेकिन लड़की के पिता ने इन बातों को अनसुना कर दिया। जबलपुर में होगी कार्रवाई इस पूरे मामले पर थाना सदर की चौकी शेखूपुर के एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कंवलजीत की शिकायत के आधार पर पहले ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। चूंकि खुदकुशी की यह घटना जबलपुर (मध्य प्रदेश) की सीमा में हुई है, इसलिए आगामी कानूनी और पुलिसिया कार्रवाई भी जबलपुर पुलिस द्वारा ही अमल में लाई जाएगी।

