सीवरेज कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, 5 दिन में काम पूरा करने के निर्देश

हरिद्वार, 19 मई (हि.स.)। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुराने आरटीओ चौक एवं भारत माता मंदिर मार्ग क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी गति और सड़कों के किनारे पड़े मलबे एवं निर्माण सामग्री पर नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों का निर्माण कार्य अगले 5 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि कई स्थानों पर सड़क किनारे मलबा और निर्माण सामग्री पड़ी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से मलबा हटाने और निर्माण कार्यों के साथ-साथ सफाई कार्य भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और पेयजल निगम (गंगा) की प्रोजेक्ट मैनेजर मीनाक्षी मित्तल को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही, सीवरेज मैनहोल के कार्यों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने और कोई भी मैनहोल खुला न छोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, इसलिए सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करना जरूरी है, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार, कनिष्ठ अभियंता सी.एल. भारती, ठेकेदार प्रशांत पाराशर, रजत शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर