कांग्रेस के रहते संविधान व आरक्षण को खत्म करने वाले भाजपा के मंसूबे नहीं होंगे कामयाब : खड़गे

हांसी पहुंचने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का स्वागत करते कांग्रेसी।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने हांसी से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल मक्कड़ के लिए जनसभा कर मांगे वोट

आने वाली कांग्रेस सरकार में होगी हांसी की सुनिश्चित हिस्सेदारी : हुड्डा

हिसार, 2 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि कांग्रेस के रहते संविधान व आरक्षण खत्म करने के भाजपा के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी दलित व पिछड़ा वर्ग के साथ जन—जन की विरोधी पार्टी है।

मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को जिले के हांसी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल मक्कड़ के समर्थन में जनसभा करके वोटों की अपील कर रहे थे। उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हांसी को जिला बनाया जाएगा। खड़गे ने भाजपा की सच्चाई जनता के सामने उजागर करते हुए कहा कि भाजपा झूठों की सरकार है और मोदी भरोसा तोड़ने वालों के सरदार हैं। उन्होंने सत्ता हासिल करने के लिए सैकड़ों झूठ बोले। मोदी ने झूठ बोला कि काला धन लाकर हरेक देशवासी को 15-15 लाख रुपए देंगे, हर साल दो करोड़ नौकरी देंगे। 10 साल में 20 करोड़ देनी थी लेकिन कुछ नहीं किया जबकि कांग्रेस जो वादा करती है, उसे जरूर निभाती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के रहते देश के संविधान और आरक्षण पर कोई खतरा नहीं आने दिया जाएगा। जब तक देश में कमजोर लोग हैं और छुआछूत है, आरक्षण जारी रहेगा।

कांग्रेस आरक्षण का बैकलॉग भी भरेगी। खड़गे ने कहा कि वे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर संघर्ष की धरा हरियाणा में आए हैं। महात्मा गांधी ने सत्य व अहिंसा का पाठ पढ़ाया और शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया। भाजपा वाले इन दोनों ही नारों के विरोधी हैं। भाजपा ने जवान और किसान दोनों के विरुद्ध नीतियां बनाई हैं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की केंद्र सरकार ने किसानों का 72 हजार करोड़ रुपए कर्ज माफ किया था, वहीं भाजपा ने अपने अंबानी-अदानी जैसे अमीर दोस्तों का 16 लाख करोड़ का कर्जा माफ किया, गरीब किसानों के लिए कोई योजना नहीं लाए। भाजपा ने एमएसपी का वादा भी नहीं निभाया। ऊपर से कृषि संबंधी वस्तुओं पर जीएसटी बढ़ाकर किसानों लूटने का काम किया। किसान आंदोलन में शहीद हुए 750 किसानों की कुर्बानी हमें भूलनी नहीं है।

अग्निवीर योजना लाकर इन्होंने देश के जवानों का अपमान किया गया है जबकि कांग्रेस ने सैनिकों के लिए पक्की नौकरी व पेंशन की व्यवस्था की थी।

इस मौके पर विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने हांसी में रेल-रोड रैली की थी और महम-हांसी-हिसार रेल लाइन जैसे बड़े प्रोजेक्ट दिए थे। अब भाजपा वाले इस रेल लाइन को अपनी उपलब्धि बता रहे हैं, जबकि भाजपा ने तो एक रेल लाइन कैंसल कर दी थी। खड़गे ने हांसी से सिरसा फोरलेन रोड की सौगात देने का भी काम किया था। हुड्डा ने अपील की कि राहुल मक्कड़ मेरे दोस्त के बेटे हैं, इन्हें ज्यादा से ज्यादा मतों से जिताकर भेजना। कांग्रेस की जीत से आने वाली सरकार हांसी की बड़ी हिस्सादारी सुनिश्चित होगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के घोषणापत्र का जिक्र किया और कहा कि हमारी सरकार बनना निश्चित है। कांग्रेस सरकार में हर वर्ग खुशहाल होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर