केंद्रीय बजट एक दूरदर्शी रोडमैप, 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक :  जेपी नड्डा  



नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। केन्द्रीय बजट 2025-26 का भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने स्वागत किया है। शनिवार को संसद में पेश किए गए इस बजट को भाजपा ने एक दूरदर्शी रोडमैप बताते हुए इसे देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक बताया।

केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स पर साझा किए अपने संदेश कहा कि केंद्रीय बजट 2025 एक दूरदर्शी रोडमैप है जो 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक है, यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के मार्ग को प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार का केंद्रीय बजट सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय के साथ ही ‘विकसित भारत’ निर्माण के संकल्प की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

यह केंद्रीय बजट सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के नवनिर्माण को दिशा प्रदान करेगा। इसमें महिला, मजदूर, गरीब, किसान, युवा, व्यापारी, कृषि, मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ, उद्योग, निवेश और निर्यात समेत सभी क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखा गया है।

नड्डा ने दूरदर्शी, विकासोन्मुख और सर्व समावेशी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। इसके साथ उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

   

सम्बंधित खबर